इंदौर (25 अप्रैल 25)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम नरसंहार में आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष 26 पर्यटकों की वजह से पूरा देश गम और गुस्से में हैं। हमले में मृत इंदौर के सुशील नथानियल को जूनी इंदौर गाड़ी अड्डा के क्रिश्चियन कब्रिस्तान में अंतिम बिदाई दी गई। तपती दोपहरी में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में 55 वर्षीय सुशील नथानियल का अंतिम संस्कार हुआ।
वे भारतीय जीवन बीमा निगम के अधिकारी थे, उनका 21वर्षीय बेटा इंदौर जिला सीनियर बैडमिंटन खिलाड़ी आस्टिन नथानियल, सुशील की पत्नी जेनिफर, बिटिया आकांक्षा अब भी गहरे सदमे में हैं। आकांक्षा को भी पैर में गोली लगी, उनके पैर पर पट्टा बंधा है, उन्हें कब्रिस्तान वीलचेयर के साथ उठाकर लाया गया ताकि अपने पिता के अंतिम दर्शन कर सके, सुशील भी बैडमिंटन खिलाड़ी थे। इस दौरान मप्र के मंत्री तुलसी सिलावट, मप्र ओलंपिक संघ अध्यक्ष विधायक रमेश मेंदोला, एमआई सी सदस्य राजेन्द्र राठौर, भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, अटल खेल परिसर के सुरेश लुनिया आदि ने सुशील को अंतिम बिदाई दी।