सूरत (04 जून 26)। गुजरात के सूरत जिले से एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बारडोली कस्बे के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 (NH-53) पर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम की दो सरकारी बसों की आपस में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद एक बस पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इस दिल दहला देने वाले हादसे में कम से कम 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि करीब 40 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि सभी मृतक उसी बस में सवार थे जिसमें आग लगी थी। यह पूरी घटना गुजरात और महाराष्ट्र को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-53 पर उवा गांव के पास मंगलवार को घटित हुई। बता दें कि हादसे का शिकार हुई एक बस गुजरात के सूरत से महाराष्ट्र के धुले की ओर जा रही थी जबकि दूसरी बस महाराष्ट्र के चालीसगांव से पैसेंजर्स को लेकर सूरत की तरफ आ रही थी। बारडोली से व्यारा जाने वाले हाईवे पर धुले की तरफ जा रही बस अचानक अनियंत्रित होकर पहले एक ट्रैक्टर से टकरा गई। ट्रैक्टर से टकराने के बाद ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया जिससे बस डिवाइडर तोड़कर सड़क की दूसरी तरफ चली गई और सामने से आ रही दूसरी बस से सीधे जा भिड़ी।
दोनों बसों की इस सीधी भिड़ंत के बाद टक्कर मारने वाली बस पलटकर सड़क किनारे नीचे जा गिरी। पलटने के कुछ ही मिनटों के भीतर बस के इंजन में शॉर्ट-सर्किट की वजह से भयानक आग लग गई। बस में आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर बैठे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। हादसे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और 40 घायलों को इलाज के लिए तुरंत बारडोली के नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।