Friday, 09 Oct 2026

सेना के काफिले पर हमला, दो जवान शहीद, चार घायल

बिष्णुपुर (20 सितंबर 25)। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार शाम एक बड़ी आतंकी वारदात हुई, जब अज्ञात सशस्त्र बदमाशों ने असम राइफल्स के एक काफिले पर घात लगाकर हमला कर दिया। यह हमला शाम 5:30 से 6 बजे के बीच नांबोल सबल लेइकाई इलाके में हुआ। काफिले में कुल 33 जवान सवार थे, जो इंफाल से बिष्णुपुर की ओर गश्त पर निकले थे।

इस कायराना हमले में दो जवान शहीद हो गए, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल जवानों को स्थानीय पुलिस और नागरिकों की मदद से पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एक जवान की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। यह हमला उस समय हुआ है जब मणिपुर में पहले से ही राजनीतिक और सामाजिक तनाव का माहौल है। एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने बताया, 'हमलावरों ने काफिले पर पहले से घात लगाकर हमला किया। हमला सुनियोजित था और इसमें उच्च-शक्ति के हथियारों का इस्तेमाल किया गया।' दूसरे अधिकारी ने बताया कि हमलावर हमले के बाद पास के पहाड़ी क्षेत्रों की ओर फरार हो गए। इसके तुरंत बाद पूरे क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। ड्रोन और अतिरिक्त बलों की मदद से हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी की कोशिशें जारी हैं। घटना के बाद से पूरे बिष्णुपुर और आसपास के जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संभावित संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। गृह मंत्रालय ने भी स्थिति की निगरानी शुरू कर दी है और राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी गई है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!