Wednesday, 07 Oct 2026

सोनम को इंदौर ला सकती है मेघालय पुलिस

इंदौर (16 जून 25)। राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच की बिखरी कड़ियां जोड़ने के लिए अगले कुछ दिनों में मेघालय पुलिस इस मामले की प्रमुख आरोपी और रघुवंशी की पत्नी सोनम को उसके गृहनगर इंदौर लेकर आ सकती है। जहां इस वारदात की कथित तौर पर साजिश रची गई थी। मध्यप्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। मेघालय में हनीमून मनाने गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी (29) की हत्या में शामिल होने के आरोप में उनकी पत्नी सोनम (25) और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह (20) समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मेघालय पुलिस ने राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच को 'ऑपरेशन हनीमून' नाम दिया है।

मध्यप्रदेश पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि 'ऑपरेशन हनीमून' के तहत अगले कुछ दिन में सोनम को मेघालय पुलिस की हिरासत में इंदौर लाया जा सकता है। उन्होंने बताया, 'हमें सोनम के मेघालय से इंदौर आकर 25 से 27 मई के बीच शहर के देवास नाका क्षेत्र में किराये के एक फ्लैट में रहने की सूचना मिली है। संभावना है कि मेघालय पुलिस अगले कुछ दिन में सोनम को इंदौर लाएगी और उसकी निशानदेही पर इस जगह की पहचान और अन्य सबूतों से जुड़ी जांच भी करेगी।' इंदौर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने कहा, 'अगर मेघालय पुलिस राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद सोनम के इंदौर आकर किसी फ्लैट में रुकने और राज कुशवाह से मिलने की बात की तसदीक के लिए कहती है, तो हम इसमें उसकी मदद करेंगे।' दंडोतिया ने यह भी कहा कि राजा रघुवंशी हत्याकांड के पांचों आरोपियों को उन 'ठोस सबूतों' के आधार पर गिरफ्तार किया गया है जो उनके इस वारदात में 'सीधे तौर पर शामिल होने' की ओर इशारा करते हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!