Tuesday, 29 Sep 2026

सोनम ही है पति की हत्या में मास्टरमाइंड !

इंदौर (09 जून 25)। इंदौर और शिलांग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में राजा रघुवंशी हत्याकांड के सभी मुख्य आरोपी अब सलाखों के पीछे हैं। यह मामला जितना रहस्यमयी था, उससे कहीं ज़्यादा चौंकाने वाले इसके खुलासे हैं। जिस सोनम को शुरुआत में एक लापता पत्नी और संभावित पीड़िता समझा जा रहा था, वो ही इस मर्डर ड्रामे की मास्टरमाइंड निकली। महज 28 दिन पुरानी शादी के बाद हनीमून के बहाने पति को ऐसी जगह ले जाया गया, जहां से उसकी ज़िंदगी की वापसी नामुमकिन थी।

11 मई को शादी, 20 मई को गुवाहाटी पहुंचना और फिर अचानक मेघालय जाने की योजना—ये सब कुछ एक सामान्य हनीमून की तरह लग सकता था। लेकिन सच्चाई इससे बहुत अलग और खौफनाक थी। राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम ने मेघालय जाने की योजना खुद बनाई थी, टिकट भी उसी ने बुक किए थे। ये वही सोनम थी, जिसे बाद में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया। परिवार वालों के अनुसार, राजा बिना प्लानिंग कहीं नहीं जाता था, लेकिन इस बार उसने एक ऐसी अनजान और जोखिम भरी जगह का रुख किया, जो उसकी जिंदगी की आखिरी मंजिल बन गई। मेघालय के जिस इलाके से उसकी लाश मिली, वह पहले भी खतरनाक घटनाओं के लिए कुख्यात रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि सोनम ने ही राजा को उस दिशा में जाने के लिए मनाया।

सूत्रों की मानें तो सोनम का अफेयर राज कुशवाहा नामक युवक से था, जो उसके पिता की कंपनी में काम करता था। दोनों के रिश्ते शादी से पहले ही गहरे हो चुके थे। शादी को खत्म करने और राज से संबंध बनाए रखने के लिए सोनम ने एक भयावह साजिश रची-अपने पति की हत्या। सोनम ने राज कुशवाहा समेत तीन लोगों को इस हत्या के लिए सुपारी दी। ये तीनों हत्यारे शिलॉन्ग में सोनम और राजा के साथ देखे भी गए थे। एक स्थानीय गाइड ने पुलिस को बताया कि उसने 23 मई की सुबह कपल को तीन अजनबियों के साथ देखा था, जो लगातार हिंदी में बात कर रहे थे। ये इत्तेफाक नहीं था, बल्कि एक साजिश की परत थी जो खुलने वाली थी।

राजा की लाश 2 जून को एक खाई से बरामद हुई थी, लेकिन सोनम का कोई सुराग नहीं था। इसके बाद पुलिस ने एक व्यापक तलाशी अभियान चलाया। 9 जून को सोनम को यूपी के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया। उसी दिन उसके प्रेमी राज कुशवाहा को भी पकड़ा गया। इससे पहले पुलिस तीन अन्य हत्यारों को भी हिरासत में ले चुकी थी। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों का मेडिकल कराया है और उन्हें जिला अदालत में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। सोनम से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या की योजना से जुड़ी हर परत को उधेड़ा जा सके।


Tags:

Follow us

This question is not available..!