रायबरेली (14 मई 24)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर तीखा हमला करते हुए उन पर अपनी सांसद निधि का 70 प्रतिशत से अधिक अल्पसंख्यकों पर खर्च करने और गांधी परिवार पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। रायबरेली से भाजपा के उम्मीदवार व राज्य सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि वह देश भर में जहां जाते हैं चार सौ पार का नारा लगता है। चार सौ पार तभी हो सकता जब पूरे देश में मोदी को 400 सीटें जिताकर दें और वह होने वाला है।
शाह ने रायबरेली मे विकास की राह में गांधी परिवार को रोड़ा करार देते हुए कहा कि मोदी पूरे देश में विकास की गंगा बहा रही है लेकिन यह गांधी परिवार रायबरेली में बाड़ लगाकर बैठा है। उन्होंने कहा कि एक बार यह बाड़ तोड़ दो रायबरेली को हम नंबर एक जनपद बनाएंगे। यहां हर ताले की चाबी दिनेश प्रताप है, एक बार ताला खोल दो। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता खरगे कहते हैं कि उप्र और राजस्थान वालों को कश्मीर से क्या लेना है। खरगे 80 पार कर गये लेकिन रायबरेली के लोगों को नहीं जान पाए। रायबरेली का बच्चा-बच्चा कश्मीर के लिए अपनी जान दे सकता है।
उन्होंने कहा कि 70 साल से गांधी परिवार धारा 370 को अनवरत बच्चे की तरह गोदी में लेकर बैठा था। आपने मोदी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया और उन्होंने धारा 370 को हमेशा हमेशा के लिए समाप्त कर दिया। अयोध्या में राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देते हुए शाह ने आरोप लगाया कि वोट बैंक के डर से राहुल गांधी अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में नहीं गये। शाह ने यह भी कहा कि आपने गांधी परिवार को वर्षों तक मौका दिया, लेकिन कोई विकास कार्य नहीं किया। अमेठी ने उन्हें भी मौका दिया था। 2018 में, मैंने अमेठी में कलेक्टर कार्यालय का भूमिपूजन किया। शाह ने पूछा कि यहां से चुनकर जाने के बाद सोनिया गांधी व इनका परिवार रायबरेली कितनी बार आया है।
गौरतलब है कि गांधी परिवार की परंपरागत सीट कही जाने वाली रायबरेली में 2019 में सोनिया गांधी भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को पराजित कर निर्वाचित हुई थीं। 2019 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के हिस्से में आने वाली यह एकमात्र सीट थी।इस बार इस सीट से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व उनके पुत्र राहुल गांधी उम्मीदवार हैं, जो पिछले चुनाव में अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से पराजित हो गये थे।