Tuesday, 29 Sep 2026

सोने की खदान धंसी, 100 से अधिक लोगों की मौ'त

जाम्बोई (21 अगस्त 26)। कैमरून सीमा के पास पश्चिमी मध्य अफ्रीकी गणराज्य (सीएआर) के जाम्बोई में सोने की खदान के क्षेत्र में भूस्खलन से 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। बीबीसी ने एक स्थानीय अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी।

कैमरून के सीमावर्ती शहर गरुआ-बुलई के मेयर अदामो अब्दोन ने बताया कि हादसा मंगलवार दोपहर हुआ। राहत और बचाव अभियान जारी है तथा मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। अब्दोन ने कहा कि अब तक मलबे से 107 शव निकाले जा चुके हैं और अभी भी कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। हादसे के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका है। कैमरून के पूर्वी क्षेत्र के गवर्नर ग्रेगोयर म्वोंगो ने सरकारी मीडिया को बताया कि मृतकों में कम से कम तीन कैमरून के नागरिक हैं। उनके शव अंतिम संस्कार के लिए स्वदेश भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जाम्बोई में घायल हुए लोगों के उपचार की भी व्यवस्था की जा रही है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, मध्य अफ्रीकी गणराज्य के अधिकारियों ने भूस्खलन के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस क्षेत्र में खनिज निकालने का श्रम-प्रधान पारंपरिक तरीका कुटीर या हस्तशिल्प खनन बड़ी संख्या में परिवारों की आय का प्रमुख स्रोत है। यहां काम करने की परिस्थितियां खराब हैं और खनिकों को स्वास्थ्य तथा पर्यावरण संबंधी जोखिमों का सामना करना पड़ता है। खदानों का धंसना और भूस्खलन इस क्षेत्र में असामान्य नहीं है। आमतौर पर खनन के बाद गड्ढों को ठीक से बंद नहीं किया जाता और भारी बारिश के कारण मिट्टी कमजोर पड़ जाती है, जिससे ऐसे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!