परभणी (23 दिसंबर 24)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के परभणी में संविधान की प्रतिकृति क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना के मद्देनजर सोमवार को आरोप लगाया कि सोमनाथ सूर्यवंशी की हत्या इसलिए की गई क्योंकि वह दलित थे और संविधान की रक्षा कर रहे थे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने परभणी में सूर्यवंशी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात के बाद आरोप लगाया कि पुलिस ने सूर्यवंशी की हत्या की है और यह ‘शत-प्रतिशत हिरासत में मौत' का मामला है।
गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने सूर्यवंशी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की जिन्होंने उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ कुछ तस्वीरें और वीडियो भी दिखाए। मराठवाड़ा क्षेत्र में स्थित परभणी शहर के रेलवे स्टेशन के बाहर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा के पास संविधान की प्रतिकृति को 10 दिसंबर की शाम को क्षतिग्रस्त किए जाने के बाद हिंसा भड़क उठी थी। परभणी के शंकर नगर निवासी सूर्यवंशी (35) उन 50 से अधिक लोगों में शामिल थे, जिन्हें हिंसा के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, परभणी जिला केंद्रीय कारागार में न्यायिक हिरासत में रखे गए सूर्यवंशी को सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद सरकारी अस्पताल ले जाया गया था, जहां 15 दिसंबर को उनकी मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने परभणी हिंसा की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। फडणवीस ने हाल में राज्य विधानसभा में कहा था कि सूर्यवंशी ने मजिस्ट्रेट को बताया था कि उन्हें प्रताड़ित नहीं किया गया और सीसीटीवी फुटेज में भी क्रूरता का कोई सबूत नहीं दिखा।