Wednesday, 30 Sep 2026

सौंदर्य और विरासत को सुरक्षित रख होगा चित्रकूट का विकास: सीएम

चित्रकूट (19 अक्टूबर 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि चित्रकूट के प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए इसका विकास किया जाएगा। चित्रकूट में बड़े निर्माण कार्यों की आवश्यकता नहीं है। मंदाकिनी नदी स्वच्छ और सदानीरा बनी रहे, भगवान कामतानाथ के सुगमता से दर्शन हो सके और भक्तों को सरलता से भोजन प्रसाद मिल सके ऐसे निर्माण कार्य किए जाएंगे। चित्रकूट का विकास प्रबुद्धजन, संतों और आमजन के सुझाव के आधार पर होगा। भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट को धार्मिक पर्यटन और ग्रामीण पर्यटन का केंद्र बनायेंगे। चित्रकूट में सड़क चौड़ीकरण, परिक्रमा पथ के सौदर्यीकरण और धार्मिक स्थलों के विकास के कार्य तेजी से पूरे किये जायेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को चित्रकूट में आरोग्यम में प्रबुद्धजन से चित्रकूट के विकास पर चर्चा के दौरान यह बात कही।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट में विकास के लिए 163 स्थानों पर लोगों ने स्वेच्छा से अपने भवन तोड़कर जमीन उपलब्ध कराई हैं। यह बहुत सराहनीय पहल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय तथा दीनदयाल शोध संस्थान किसानों और युवाओं को पशुपालन की आधुनिक तकनीक देकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में सहयोग करें। चित्रकूट के विकास के लिए जारी 2800 करोड रूपये के निर्माण कार्य अगले वर्ष अप्रैल माह तक पूरे हो जायेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि होम-स्टे को बढावा देकर ग्रामीण पर्यटन विकास के साथ रोजगार के नये अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी को दीपावली की शुभकामनायें दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कलेक्टर सतना संतो, प्रबुद्ध और आमजनता से चित्रकूट के विकास के लिए सुझाव प्राप्त कर उसके अनुरूप कार्य योजना तैयार करें। मुख्यमंत्री ने आरोग्य में भारतरत्न राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किये।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद द्वारा प्रकाशित पुस्तिका 'रामचन्द्र' श्रीराम राजा सरकार के चरित्र की चित्रकथा का विमोचन किया। समारोह में डीआरआई के संगठन सचिव श्री अभय महाजन ने मुख्यमंत्री और अतिथियों का स्वागत करते हुए चित्रकूट के विकास के संबंध में किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खडेलवाल, विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, नगर पंचायत अध्यक्ष साधना पटेल, कुलगुरू ग्रामोदय विश्वविद्यालय प्रो. भरत मिश्रा, पद्मश्री डॉ. बीके जैन, सीताराम बाथम, गायत्री परिवार के प्रतिनिधि रामनारायण त्रिपाठी, कमिश्नर रीवा संभाग बी.एस. जामोद, आईजी गौरव राजपूत सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!