रायसेन (19 अप्रैल 25)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अम्बेडकर और संविधान सभा के सभी महानुभावों का पुण्य स्मरण और नमन करते हुए कहा कि उनकी अद्भुत दूरदृष्टि तथा प्रयासों ने हमें एक ऐसा संविधान दिया है, जो सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय प्रदान करता है। इसके लिए हम सब उनके प्रति कृतज्ञ है।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल रायसेन जिले की सिलवानी तहसील के ग्राम प्रतापगढ़ में संविधान गौरव सम्मान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो और स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आदिवासी, गरीब, अति पिछड़े वर्ग के उत्थान और उन्नति के लिए काम करने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया गया। राज्यपाल पटेल ने कहा कि आदिवासी और अति पिछड़े समाज का उत्थान करने, उन्हें आगे लाने के लिए सभी को पूरी निष्ठा और लगन से प्रयास करना होगा। दूरस्थ क्षेत्रों में रह रहे जनजाति के लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी देकर विकास में उनकी मदद करें।
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी विगत एक दशक से अधिक समय से देश को आगे ले जाने के लिए पूरी ताकत से काम कर रहे हैं। यह संविधान की ही ताकत है कि आज भारत की राष्ट्रपति आदिवासी परिवार से आती है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि प्रतापगढ़ वीर शंकर शाह, रघुनाथ शाह जी के वंशजों का क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षित होना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथि, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही अवधेश बारीवा के घर पहुंचे। उनके घर पर उनके साथ भोजन किया। राज्यपाल से संवाद के दौरान हितग्राही अवधेश बारीवा ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्यान्न पात्रता पर्ची सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है।