नईदिल्ली (13 अगस्त 24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर लगातार 11वीं बार तिरंगा फहराकर देश को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वह लालकिले की प्राचीर से लगातार 11वीं बार देश को संबोधित करने वाले तीसरे प्रधानमंत्री बन जाएंगे। इससे पहले देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के नाम यह उपलब्धि थी। नरेंद्र मोदी ने 9 जून को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी। आपको बता दें कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने देश को स्वतंत्रता दिवस पर लगातार 17 बार संबोधित किया था। वहीं, जनवरी 1966 से लेकर 1977 तक और फिर जनवरी 1980 से लेकर अक्टूबर 1984 तक प्रधानमंत्री रहीं इंदिरा गांधी ने 16 बार देश को संबोधित किया था। इंदिरा गांधी ने भी प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार 11 बार देश को संबोधित किया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब गुरुवार को लालकिले से देश को संबोधित करेंगे। तब वह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पीछे छोड़ देंगे। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में 10 बार स्वतंत्रता दिवस पर भाषण दिया था। ऐसा पहली बार है कि कोई गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री लगातार 11वीं बार देश को लालकिले से संबोधित करेगा। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नाम था। उन्होंने 6 बार देश को लालकिले से संबोधित किया था। नरेंद्र मोदी ने 2014 में अपने पहले स्वतंत्रता दिवस के भाषण में स्वच्छ भारत और जनधन खातों जैसी बड़ी योजनाओं की शुरुआत की थी। उसके बाद से लगातार उनके भाषण में किसी न किसी मुद्दे की चर्चा जरूर होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम स्वतंत्रता दिवस पर सबसे लंबा भाषण देने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। उनके भाषणों की औसत अवधि 82 मिनट की रही है जो भारत के इतिहास में किसी भी प्रधानमंत्री से अधिक है। पूर्व प्रधानमंत्री आई के गुजराल 71 मिनट के औसत के साथ दूसरे स्थान पर हैं। यह आंकड़ा उनके 1997 में दिए गए एकमात्र भाषण पर आधारित है।