Wednesday, 30 Sep 2026

स्वाधीनता दिवस से पहले दिल्ली हाई अलर्ट पर

नईदिल्ली (07 अगस्त 26)। स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा रणनीति तैयार की है। 15 अगस्त के समारोह को पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने की। इसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ केंद्रीय खुफिया एवं प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। बैठक में आतंकवाद से निपटने की तैयारियों, ड्रोन गतिविधियों पर नजर रखने, सीमाओं की निगरानी बढ़ाने, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच और रियल-टाइम इंटेलिजेंस साझा करने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके अलावा एनसीआर में सक्रिय अंतरराज्यीय गैंग, विदेशी आपराधिक नेटवर्क, अवैध हथियारों की तस्करी और नशीले पदार्थों की सप्लाई पर संयुक्त कार्रवाई करने पर भी सहमति बनी। 

स्वतंत्रता दिवस के दौरान राजधानी में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक प्रबंधन को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। दिल्ली से जुड़े सभी अंतरराज्यीय बॉर्डरों पर सुरक्षा जांच और निगरानी को और सख्त किया जाएगा, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। दिल्ली पुलिस का कहना है कि विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे स्वतंत्रता दिवस समारोह बिना किसी व्यवधान के सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

Tags:

Follow us

This question is not available..!