भोपाल (09 नवंबर 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ मूल के सैकड़ों परिवार काफी लंबे समय से केन्या में रह रहे हैं। पिछले तीन वर्षों से इन दोनों राज्यों के मूल निवासी संगठित होकर बेहद प्रभावी तरीके से हमारी संस्कृति और हमारी परम्पराओं का गौरव बढ़ा रहे हैं। वहां अपनी मेहनत, ईमानदारी और कर्मठता एवं जीवटता के बल पर केन्या की प्रगति और विकास के भागीदार बने हुए हैं। केन्या के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन्या हमारा दूसरे घर जैसा है। गर्व की बात है कि हमारे लोग विदेश की धरती पर भी अपनी पहचान और संस्कृति को दृढ़ता से जीवित रखे हुए हैं। एकता की शक्ति इस कार्यक्रम में भी नजर आ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आपकी तेजी और चपलता के स्वरूप में हमारे चीते केन्या में और दक्षिण अफ्रीका के चीते मध्यप्रदेश के वनों में फर्राटे भर रहे हैं। केन्या से भी जल्द ही चीते मध्यप्रदेश लाये जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को केन्या की राजधानी नैरोबी में आयोजित मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर भारतीय समुदाय के सदस्यों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और मध्यप्रदेश की समृद्ध परम्परा व संस्कृति का उत्सव मनाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज मध्यप्रदेश ने वैश्विक परिदृश्य में भारत के एक प्रगतिशील राज्य के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि नैरोबी जैसे अन्तर्राष्ट्रीय शहर में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस मनाया जाना अपने आप में गौरव की बात है और यह हर प्रदेशवासी के लिए गर्व और सुखद अनुभूति का विषय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार 'विकसित मध्यप्रदेश–समृद्ध भारत' के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और प्रवासी भारतीयों की भागीदारी इस यात्रा को और सशक्त बनाएगी। उन्होंने विदेश में बसे मध्यप्रदेश के लोगों से राज्य की प्रगति और पहचान को वैश्विक स्तर पर फैलाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ भाई-भाई हैं, अपना जन्मदिन साथ ही मनाते हैं। उन्होंने सभी को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नैरोबी में हुए कार्यक्रम में उपस्थित केन्या में भारत के उच्चायुक्त आदर्श स्वाइका, डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान और केन्या हिंदू काउंसिल की अध्यक्ष सुजाता कोतमराजु, डॉ. महेन्द्र का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी अफ्रीका में उज्जैन की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को गौरव प्रदान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केन भारती, हिन्दू स्वयंसेवक संघ और गौ सेवा जैसे संगठनों के प्रति आपकी निष्ठा और समर्पित कार्यों के सबका अभिनंदन है। इस अवसर पर अभिजीत गुप्ता, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एसोसिएशन ऑफ केन्या के अध्यक्ष किंशुक चौकसे और सचिव विकास नामदेव सहित बड़ी संख्या में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के प्रवासी भारतीय मौजूद थे।