नईदिल्ली (23 अप्रैल 25)। जम्मू- कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का पहला बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे जो भी हैं उन्हें जोरदार तरीके से जवाब दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में भारत को डराया नहीं जा सकता। राजनाथ ने कहा, 'हम साजिश करने वालों की तह तक जाएंगे। हमले के जिम्मेदार लोगों को करारा जवाब दिया जाएगा। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आतंक के खिलाफ हमारी जीरो टाॅलरेंस की पाॅलिसी है। किसी भी सूरत में हम डरने वाले नहीं हैं।' साथ ही उन्होंने कहा कि आतंक के खिलाफ देश एकजुट है।
संबोधन से कुछ घंटे पहले सिंह ने लगभग ढाई घंटे की बैठक में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह शामिल हुए। रक्षा मंत्री ने कहा, 'कल पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा धर्म को निशाना बनाकर किए गए कायराना हमले में हमारे देश ने कई निर्दोष नागरिकों को खो दिया। इस अत्यंत अमानवीय कृत्य ने हम सभी को गहरे दुख और पीड़ा में डाल दिया है।' सिंह ने कहा, ‘मैं इस मंच से देशवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि इस घटना के मद्देनजर भारत सरकार हर वह कदम उठाएगी जो आवश्यक और उचित होगा।' रक्षा मंत्री ने कहा, ‘भारत इतनी पुरानी सभ्यता और इतना बड़ा देश है कि वह किसी भी आतंकवादी गतिविधि से भयभीत नहीं हो सकता।' उन्होंने कहा, ‘ऐसे कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों को निकट भविष्य में मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।' सिंह ने पहलगाम में हुए हमले को ‘अत्यंत अमानवीय' बताया, जिसने ‘हम सभी को अत्यंत दुखी कर दिया है'। उन्होंने कहा, ‘सबसे पहले मैं उन सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। दुख की इस घड़ी में मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।' उन्होंने कहा, ‘मैं भारत के इस दृढ़ संकल्प को दोहराना चाहूंगा कि आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति कतई बर्दाश्त नहीं करने (जीरो टॉलरेंस) की है।' सिंह ने कहा कि भारत का हर नागरिक इस कायराना कृत्य के खिलाफ एकजुट है।