नईदिल्ली (31 दिसंबर 24)। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए उनकी योजनाओं को छलावा करार दिया है। पुरी ने कहा, 'ऐसा कोई सगा नहीं जिसे केजरीवाल ने ठगा नहीं।' पुरी ने दिल्ली सरकार की महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लिए न तो बजट का प्रावधान किया गया है और न ही इन्हें कैबिनेट की मंजूरी मिली है। महिला सम्मान योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपयेदेने का वादा किया गया है लेकिन पुरी ने इसे मात्र एक छलावा बताया। उन्होंने कहा, 'योजना की घोषणा करना आसान है लेकिन इसे लागू करने के लिए बजट और योजना चाहिए।' वहीं पुरी ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार योजनाओं के लिए लोगों से फॉर्म भरवा रही है जबकि उनकी मंशा ही सही नहीं है। उन्होंने कहा, 'जब कोई योजना नहीं है तो उसका फॉर्म भरवाने का क्या मतलब?' पुरी ने कहा कि पंजाब में महिलाओं से 1000 रुपये प्रति महीने देने का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ और अब दिल्ली में 2100 रुपये की नई योजना लाई जा रही है। यह साफ दर्शाता है कि केजरीवाल सरकार सिर्फ वादों की राजनीति करती है। पुरी ने केजरीवाल पर यह भी आरोप लगाया कि जेल में बिताए समय ने उनका मानसिक संतुलन बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा, 'उनका काम केवल राजनीति और व्यवधान करना है। उनकी सरकार के पास अब ज्यादा समय नहीं बचा है।'