नईदिल्ली (22 जुलाई 26)। हर घर तिरंगा अभियान और भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रव्यापी समारोह के रूप में, युवा कार्य विभाग ने माय भारत पोर्टल के माध्यम से भारत का राष्ट्रीय ध्वज प्रश्नोत्तरी (क्विज़) 2026 का शुभारंभ किया है। यह क्विज़ 15 अगस्त 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इससे देश भर के युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज और इसके स्थायी महत्व की अपनी समझ को बढ़ाने का मौका मिलेगा।
यह पहल पिछले वर्ष आयोजित राष्ट्रीय ध्वज क्विज़ को मिली जबरदस्त सफलता पर आधारित है। इस संस्करण के माध्यम से, माय भारत का उद्देश्य युवाओं के बीच भारत के राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, विकास, महत्व और गरिमा के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ ही उन्हें देशभक्ति, संवैधानिक मूल्यों और माय भारत प्लेटफॉर्म के साथ अधिक जुड़ाव के लिए प्रोत्साहित करना है।
यह क्विज माय भारत पोर्टल के सभी पंजीकृत उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है। इसमें 10 मिनट के भीतर पूरे किए जाने वाले 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होते हैं और यह भाषिणी के माध्यम से पोर्टल पर सभी भाषाओं में उपलब्ध है। प्रत्येक पंजीकृत उपयोगकर्ता क्विज के लिए एक बार प्रयास कर सकता है। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलता है और इसमें कोई नकारात्मक अंक नहीं दिए जाते है। प्रतिभागी राष्ट्रीय ध्वज के विकास और इतिहास, इसके विकास से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों के योगदान, तिरंगे से संबंधित संवैधानिक प्रावधानों, भारतीय ध्वज संहिता, 2002, राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 और भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देंगे। जहां सभी पंजीकृत उपयोगकर्ता इसमें भाग लेने और क्विज़ के सफल समापन पर ई-प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए पात्र हैं, वहीं 21-29 वर्ष की आयु के पंजीकृत उपयोगकर्ता भी विजेताओं के रूप में चुने जाने के लिए पात्र होंगे, बशर्तें कि वे निर्धारित शर्तों को पूरा करें। विजेताओं को कंप्यूटर आधारित बगैर किसी क्रम के (रैंडम) प्रक्रिया के जरिए सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले योग्य प्रतिभागियों में से चुना जाएगा और उन्हें भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों या अन्य उपयुक्त स्थानों का दौरा करने का अवसर मिल सकता है।