Monday, 28 Sep 2026

हवा बदल चुकी है, अब एनडीए की विदाई तय: जयराम रमेश

नईदिल्ली (20 मई 24)। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान संपन्न होने के बाद सोमवार को दावा किया कि देश की हवा बदल चुकी है और यह आंधी का रूप ले रही है तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की विदाई तय है। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में कुल 49 सीट पर वोट डाले गए। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘पांचवें चरण का मतदान ख़त्म होने के साथ ही 428 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। निवर्तमान प्रधानमंत्री की विदाई के अब सिर्फ़ 15 दिन शेष रह गए हैं।' उन्होंने दावा किया कि पहले चरण से जो रुझान शुरू हुआ था वह धीरे-धीरे मज़बूत होता जा रहा है, यह स्पष्ट है कि भाजपा, दक्षिण में साफ़ और उत्तर, पश्चिम एवं पूरब में ‘हाफ' होने जा रही है।

रमेश ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि ‘इंडिया' गठबंधन पहले ही 272 सीटों के आंकड़े को पार कर चुका है और कुल मिलाकर 350 से अधिक सीटें जीतने की ओर अग्रसर है। मोदी जी का जाना अब लगभग तय हो गया है। कमरतोड़ महंगाई, रिकॉर्ड तोड़ बेरोज़गारी, और संविधान को बदलने एवं आरक्षण को ख़त्म करने की भाजपा की धमकियां मुख्य रूप से वे कारण हैं, जिनकी वजह से लोग इस सरकार को सत्ता से बेदख़ल करने जा रहे हैं।' रमेश के अनुसार, ‘यह चुनाव कांग्रेस पार्टी के सकारात्मक अभियान के आसपास केंद्रित रहा है। हमारा न्याय पत्र और हमारी गारंटियां सभी दलों के प्रचार अभियान के केंद्र में रहीं। 'खटा-खट' के नारे ने लोगों का ध्यान इस हद तक खींच लिया है कि निवर्तमान प्रधानमंत्री भी इस पर प्रतिक्रिया देने को मजबूर हो गए।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!