इंदौर (18 जनवरी 26)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए होलकर स्टेडियम पूरी तरह तैयार है। यह मैदान भारतीय टीम के लिए अब तक लकी साबित हुआ है, क्योंकि यहां खेले गए सभी वनडे मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की है। रविवार को होने वाला यह मुकाबला बेहद अहम है, क्योंकि जो भी टीम यह मैच जीतेगी, वही सीरीज अपने नाम करेगी। मुकाबला दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा।
रविवार को होने वाले मैच से पहले शनिवार को दोनों टीमों ने होलकर स्टेडियम में जोरदार अभ्यास किया। विराट कोहली और रोहित शर्मा के खेलने से दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, इसी कारण मैच के सभी टिकट पहले ही बिक चुके हैं। शनिवार को विराट कोहली ने करीब एक घंटे तक बल्लेबाजी अभ्यास किया और इस दौरान वह कोच गौतम गंभीर से चर्चा करते नजर आए। पिच की बात करें तो यहां टॉस जीतने वाली टीम को फायदा मिलने की संभावना है। इस पिच पर बड़ा स्कोर खड़ा होने के संकेत हैं और दर्शकों को चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिल सकती है। होलकर स्टेडियम में भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 400 से अधिक रन बना चुकी है, ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी बल्लेबाजों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मैदान शानदार नजर आ रहा है और यह हमारे लिए सीरीज जीतने का बेहतरीन मौका है। उन्होंने भरोसा जताया कि टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय टीम पिछले मैच की प्लेइंग इलेवन में एक-दो बदलाव के साथ मैदान में उतर सकती है।