Tuesday, 29 Sep 2026

हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम घोषित

भोपाल (06 मई 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के परीक्षा परिणाम घोषित होने संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि हाई स्कूल की परीक्षा में 9 लाख 36 हजार 225 विद्यार्थी शामिल हुए। पिछले साल की तुलना में इस वर्ष का रिजल्ट बहुत अच्छा रहा, कुल 76.22 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। निजी विद्यालयों की तुलना में शासकीय विद्यालयों के परिणाम बेहतर रहे, शासकीय विद्यालयों का 77.59 प्रतिशत और अशासकीय विद्यालयों का परिणाम 74.20 प्रतिशत रहा। शासकीय विद्यालयों की यह उपलब्धि, सराहनीय है। हाई स्कूल की प्रावीण्य सूची में प्रथम आई सिंगरौली की कुमारी प्रज्ञा जायसवाल ने 500 में से 500 अर्थात शत प्रतिशत अंक प्राप्त किऐ।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हायर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 6 लाख 97 हजार 39 परीक्षार्थी शामिल हुए और 74.48 प्रतिशत नियमित परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। शासकीय विद्यालयों का परीक्षाफल 75.79 प्रतिशत और अशासकीय विद्यालयों का 72.47 प्रतिशत रहा। हायर सेकेंडरी परीक्षा में सतना, अमरपाटन की कुमारी प्रियम द्विवेदी ने 500 में से 492 अंक लेकर टॉप किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस वर्ष किसी भी छात्र का परीक्षाफल पूरक घोषित नहीं किया गया है। उन्हें दूसरा मौका देने और अपना परिणाम बेहतर करने का एक अवसर और प्रदान करने के उद्देश्य से शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप इस वर्ष परीक्षा का एक अवसर और विद्यार्थियों को दिया जाएगा, यह परीक्षा 17 जून से आरंभ होगी। हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी के परीक्षा परिणाम विगत 15 वर्षो में सर्वश्रेष्ठ हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!