इंदौर (05 जून 25)। बुधवार का दिन हादसों और दुर्घटनाओं से भरपूर रहा। कर्णाटक के बेंगलुरु में चिन्नास्वामी स्टेडियम के समीप भगदड़ में करीब दर्ज़न भर लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इधर मप्र के झाबुआ में एक कार पर ट्रक के पलटने से नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक अन्य हादसे में उज्जैन में मधुमख्खियों के हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। इस बीच भारी बारिश, आंधी-तूफान और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या इन हादसों से भी अधिक है।
बुधवार शाम बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की आईपीएल 2025 जीत के बाद आयोजित विक्ट्री परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए। यह घटना तब हुई, जब हजारों प्रशंसक बिना पास के स्टेडियम में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे भारी भीड़ और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। इधर मप्र के झाबुआ में थांदला के पास एक ट्रक कर पर पलटी खा गया। इस हादसे में नौ लोग जान गंवा बैठे, वहीँ दो अन्य गंभीर घायल हो गए। एक अन्य घटना उज्जैन के पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के परिसार में घटी जहां आंधी-तूफान से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े छह पुलिसकर्मियों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।