गुवाहाटी (11 मई 26)। पूर्वोत्तर के द्वार कहे जाने वाले असम की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा को आधिकारिक तौर पर असम का अगला मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया गया है। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए सरमा की नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। इसके साथ ही राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।
असम के संसदीय कार्य विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा मंगलवार, 12 मई को सुबह 11:40 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह के लिए गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज फील्ड को चुना गया है, जहां वे पद और गोपनीयता की शपथ लेकर अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे। इससे पहले, दिन की शुरुआत में सरमा ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। इसके बाद दिसपुर से 10 मई को मुख्य सचिव रवि कोटा के हस्ताक्षरों के साथ उनकी नियुक्ति का औपचारिक आदेश जारी किया गया। पूर्वोत्तर में भाजपा के सबसे कद्दावर चेहरों में शुमार सरमा एक बार फिर राज्य की कमान संभालकर अपनी राजनीतिक कुशलता का परिचय देंगे। भाजपा नीत गठबंधन की शानदार चुनावी सफलता के बाद इस नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। खनापारा के मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम को एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है, जिसमें भाजपा के कई दिग्गज राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।