Thursday, 01 Oct 2026

हिमाचल में मंत्री पद को लेकर 'एक अनार सौ बीमार': बिक्रम सिंह

शिमला (20 नवंबर 24)। पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश में मंत्री के एक पद को लेकर घमासान है। उन्होंने कहा कि 'एक अनार सौ बीमार' की तरह सभी की नजर मंत्री पद पर है, जिससे मुख्यमंत्री मुश्किल में हैं। ठाकुर यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। सीपीएस मामले को लेकर उन्होंने कहा कि इस विषय में सरकार सुप्रीम कोर्ट में टिक नहीं पाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सीपीएस को बचाने और उनके ऊपर कितना खर्च किया, इसका विवरण सरकार को देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि समोसा विवाद व टायलैट टैक्स लगाने को लेकर प्रदेश सरकार का देश में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजाक उड़ा है। उन्होंने कहा कि जो सरकार समोसे नहीं मिलने पर सीआईडी जांच और टॉयलैट टैक्स लगाने जैसे निर्णय ले सकती है, उससे अच्छे कार्य करने की उम्मीद नहीं की जा सकती। भाजपा नेताओं की दूसरे राज्यों में प्रदेश सरकार के खिलाफ गलत प्रचार करने के सत्ता पक्ष के आरोप के उत्तर में ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने सच्चाई को सामने रखा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बताए कि उसने प्रदेश की सभी महिलाओं को 1500 रुपए देने के अलावा कौन-सी 5 गारंटियां पूरी की हैं। बिक्रम सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के संरक्षण में खनन माफिया चल रहा है, जिस कारण एसपी बद्दी के साथ बदसलूकी की गई है। उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच की जाती है, तो सच्चाई सामने आएगी कि किस कारण एस.पी. को अपमानित किया गया। सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की खामियों के कारण उद्योग पलायन कर रहे हैं। स्ट्रील इंडस्ट्री के जाने से हजारों युवा बेरोजगार हुए हैं।


Tags:

Follow us

This question is not available..!