Tuesday, 29 Sep 2026

हिल स्टेशन पचमढ़ी को 'ग्रीन डेस्टिनेशंस ब्रॉन्ज' सर्टिफिकेट

पचमढ़ी (05 मार्च 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विजनरी नेतृत्व और प्रदेश में 'रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म' को बढ़ावा देने के प्रयासों के फलस्वरूप मध्यप्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। जर्मनी के बर्लिन में आयोजित 'आईटीबी बर्लिन ट्रैवल मार्ट' में प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी को प्रतिष्ठित 'ग्रीन डेस्टिनेशंस ब्रॉन्ज' सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया है। यह प्रमाणन नीदरलैंड स्थित 'ग्रीन डेस्टिनेशंस फाउंडेशन' द्वारा प्रदान किया जाता है, जो 'ग्लोबल सस्टेनेबल टूरिज्म काउंसिल' से मान्यता प्राप्त संस्था है। पचमढ़ी यह अंतर्राष्ट्रीय  गौरव हासिल करने वाला देश का पहला हिल स्टेशन बन गया है। मप्र टूरिज्म बोर्ड की ओर से उज्जैन कमिश्नर आशीष सिंह ने यह सम्मान प्राप्त किया।

पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कुशल मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश पर्यटन नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पचमढ़ी को मिला यह 'ग्रीन डेस्टिनेशन ब्रॉन्ज' सर्टिफिकेट इस बात का प्रमाण है कि हम पर्यटन विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति को सहेजने में भी अग्रणी हैं। यह उपलब्धि पचमढ़ी को वैश्विक स्तर पर एक 'सस्टेनेबल टूरिज्म डेस्टिनेशन' के रूप में स्थापित करेगी, जिससे यहां अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड डॉ. इलैया राजा टी ने कहा कि यह सम्मान पचमढ़ी में विरासत संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन ऊर्जा और जलवायु संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की वैश्विक पहचान है। इस उपलब्धि के साथ ही अब पचमढ़ी देश के अन्य पहाड़ी पर्यटन स्थलों और इको-टूरिज्म साइट्स के लिए एक 'रेप्लिकेबल मॉडल' (अनुकरणीय मॉडल) के रूप में उभरा है। यह मान्यता प्रदेश में 'रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म' को और अधिक सशक्त बनाएगी। ग्रीन डेस्टिनेशंस' अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एक प्रतिष्ठित प्रमाणन कार्यक्रम है, जो आर्थिक, पर्यावरणीय और सामाजिक-सांस्कृतिक स्थिरता  के 3 मुख्य स्तंभों पर केंद्रित है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!