हैदराबाद (14 दसंबर 25)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को हैदराबाद में अर्जेंटीना के फुटबॉल दिग्गज लियोनेल मेसी से मुलाकात की। यह मुलाकात उस समय हुई, जब मेसी अपने GOAT इंडिया टूर 2025 के दूसरे चरण के तहत शहर पहुंचे थे। इस संक्षिप्त लेकिन चर्चित मुलाकात ने राजनीति और खेल जगत, दोनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी शनिवार 13 दिसंबर को भारत पहुंचे थे। मेसी पिछले 14 साल में पहली बार भारत आए हैं। कोलकाता में उनका अनुभव बहुत अच्छा नहीं रहा था, क्योंकि साल्ट लेक स्टेडियम में फैली अराजकता के कारण वो मात्र 22 मिनट बाद ही स्टेडियम छोड़कर चले गए थे। जबकि हैदराबाद में उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी संग फुटबॉल खेला और मेसी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को टी-शर्ट भी भेंट की, जिसकी तस्वीरें खुद राहुल गांधी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की हैं। मेसी के साथ हैदराबाद में लुइस सुआरेज और रोड्रीगो डी पॉल ने भी खूब आनंद लिया। लियोनेल मेसी कुछ समय देरी से राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम पहुंचे थे, लेकिन यहां जैसे ही उन्होंने कैमरा की तरफ देखकर फैंस का अभिवादन स्वीकार किया, वैसे ही दर्शक खुशी से झूम उठे। तीनों फुटबॉल खिलाड़ियों ने बच्चों संग भी खूब मस्ती की। फुटबॉल मैच के दौरान मेसी, सुआरेज, डी पॉल और रेड्डी की ड्रिलिंग ने भी दर्शकों का मन मोहने का काम किया। हैदराबाद से अलविदा लेते हुए मेसी ने आयोजकों को अर्जेंटीना टीम की फुटबॉल जर्सी भेंट की। साथ ही उन्होंने स्पैनिश भाषा में फैंस का धन्यवाद किया।