तेहरान (03 अप्रैल 26)। ईरान ने दुनिया के सबसे अहम तेल मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर बड़ा कदम उठाने के संकेत दिए हैं। अब इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों पर ट्रांजिट शुल्क लगाया जा सकता है। यह जानकारी ईरान के कानूनी और अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप मंत्री काज़िम ग़रीबाबादि के बयान से सामने आई है। जानकारी के अनुसार, ईरान आने वाले हफ्तों में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों के लिए दो अलग-अलग प्रोटोकॉल जारी करेगा। एक व्यावसायिक जहाजों के लिए और दूसरा सैन्य जहाजों के लिए। इस प्रस्तावित योजना पर ईरान की संसद और सरकार विचार कर रही है।
इस बीच ओमान के साथ मिलकर ईरान इस मार्ग पर जहाजों की आवाजाही की निगरानी के लिए भी नया प्रोटोकॉल तैयार कर रहा है। इस खबर के सामने आने के बाद वैश्विक तेल बाजार में हलचल तेज हो गई है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के तेल परिवहन का प्रमुख मार्ग है। लेकिन 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर हमले के बाद शुरू हुए युद्ध के चलते यह मार्ग लगभग बंद हो गया था। इससे वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हुई और कीमतों में भारी उछाल देखने को मिला। तेल की बढ़ती कीमतों का असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं पर पड़ा है। अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें एक महीने में 30% से ज्यादा बढ़कर 4 डॉलर प्रति गैलन के पार पहुंच गईं।