Friday, 02 Oct 2026

फ़ोर्ब्स इंडिया की सूची में अडानी आगे, अंबानी नंबर-2

मुंबई (02 अक्टूबर 26)। फोर्ब्स इंडिया की 2026 की 100 सबसे अमीर भारतीयों की सूची में गौतम अडानी और उनका परिवार एक बार फिर टॉप पर हैं। अडानी परिवार की कुल संपत्ति 112.7 बिलियन डॉलर (करीब 10.81 लाख करोड़) आंकी गई है। पिछले एक साल में उनकी संपत्ति में 20.7 बिलियन डॉलर (करीब 1.98 लाख करोड़) का इजाफा हुआ है। हालांकि, यह आंकड़ा 2022 के करीब 150 बिलियन डॉलर के रिकॉर्ड स्तर से अब भी नीचे है।

फोर्ब्स के मुताबिक, शेयर बाजार में कमजोरी और रुपए में 8.5% की गिरावट के बावजूद भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की कुल संपत्ति करीब 1 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर बनी रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 86.3 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। पिछले आकलन की तुलना में उनकी संपत्ति में 18.7 बिलियन डॉलर की कमी आई है। रिलायंस के शेयरों पर, खासकर रिटेल कारोबार में मार्जिन दबाव का असर पड़ा। इस बीच, अंबानी की टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स को IPO के लिए नियामकीय मंजूरी मिल चुकी है। प्रस्तावित इश्यू से करीब 3.8 बिलियन डॉलर जुटाए जाने की संभावना बताई जा रही है।

ओपी जिंदल ग्रुप की सावित्री जिंदल 39.8 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं और सूची में सबसे अमीर भारतीय महिला बनी हुई हैं। स्टील कारोबारी लक्ष्मी मित्तल 34.7 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति में एक साल में 74% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, सुनील मित्तल और परिवार 32.9 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ पांचवें स्थान पर हैं।फोर्ब्स के अनुसार, इस साल सूची में शामिल आधे से ज्यादा अमीरों की संपत्ति में कमी आई है। AI आधारित ऑटोमेशन के बढ़ते प्रभाव के कारण भारतीय IT और सॉफ्टवेयर सर्विसेज सेक्टर पर दबाव देखने को मिला, जिसका असर कुछ टेक अरबपतियों की संपत्ति पर भी पड़ा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!