पटना (21 अप्रैल 25)। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने ‘नेशनल हेराल्ड' से जुड़े कथित धन शोधन मामले को एक 'राजनीतिक साजिश' करार देते हुए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर विपक्ष की आवाज दबाने और बुनियादी मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। कन्हैया ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा ‘नेशनल हेराल्ड' मामले में पहले दिन से ही झूठ बोल रही है। उन्होंने दावा किया, 'नेशनल हेराल्ड से जुड़े धन शोधन मामले का कोई कानूनी आधार नहीं है... यह सीधे तौर पर एक राजनीतिक साजिश है।' कांग्रेस नेता ने कहा, 'ईडी जैसी एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्ष की आवाज दबाना और बुनियादी मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाना भाजपा का मुख्य एजेंडा है।' उन्होंने कहा कि भाजपा समझ गई है कि जब तक यह (गांधी) परिवार है, कांग्रेस पार्टी है, तब तक संविधान को चकनाचूर करने का उसका मंसूबा पूरा नहीं हो सकता।
ईडी ने हाल ही में ‘नेशनल हेराल्ड' मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य के खिलाफ नयी दिल्ली की एक विशेष अदालत में आरोप पत्र दायर किया है, जिसमें उन पर 988 करोड़ रुपये के धन शोधन का आरोप लगाया गया है। कन्हैया ने कहा, 'भाजपा ‘नेशनल हेराल्ड' मामले में पहले दिन से ही झूठ बोल रही है। यह नया झूठ इसलिए फैलाया गया है, क्योंकि उसे (भाजपा को) समझ में आ गया है कि ‘कांग्रेस मुक्त भारत' का उसका सपना साकार नहीं हो सकता, खासकर उस परिवार के रहते जिसने देश के लिए बलिदान दिया हो।' उन्होंने भाजपा पर अंग्रेजों की तरह अखबारों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा, '1942 में ‘भारत छोड़ो आंदोलन' के दौरान अंग्रेजों ने इस अखबार (नेशनल हेराल्ड) को प्रतिबंधित कर दिया था। जब वे अंग्रेजों से नहीं डरे... तो आज क्या वे अंग्रेजों के जासूसों से डरेंगे?' कन्हैया ने भाजपा पर जांच एजेंसियों को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया।