इंदौर (26 मई 24)। इंदौर से हैदराबाद जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने कथित तौर पर फ्लाइट का दरवाजा खोलने की कोशिश की, जबकि फ्लाइट अभी भी हवा में थी। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान हैदराबाद में उतरने ही वाला था कि तभी यह हादसा हुआ। पुलिस का कहना है कि आदमी ने अत्यधिक मात्रा में भांग खा रखी थी। एयरलाइन स्टाफ द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना 21 मई को हुई लेकिन शुक्रवार को सामने आई।
इंडिगो एयरलाइन ने एक आधिकारिक बयान में घटना के बारे में जानकारी दी। कंपनी ने कहा, 'इंदौर से हैदराबाद की फ्लाइट संख्या 6E 511 में यात्रा कर रहे एक यात्री ने 21 मई, 2024 को नशे की हालत में टेक ऑफ से पहले इमरजेंसी एग्जिट गेट खोलने की कोशिश की। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के अनुसार, यात्री को क्रू द्वारा यात्रा करने के अयोग्य घोषित कर दिया गया और अराइवल पर स्थानीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। किसी भी समय फ्लाइट की सुरक्षा से समझौता नहीं किया गया। अन्य यात्रियों को हुई किसी भी असुविधा के लिए हमें खेद है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 29 वर्षीय व्यक्ति ने उड़ान में चढ़ने से पहले कथित तौर पर ‘भांग’ का सेवन किया था। उन्होंने बताया कि हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विमान के उतरने से ठीक पहले एयरलाइंस के कर्मचारियों के साथ उनकी बहस भी हुई।