लॉस एंजेलिस (03 जनवरी 25)। कल्पना कीजिए कि आप एक ऐसी फ्लाइट में सफर कर रहे हैं जो आपको समय में पीछे ले जाती है। यह किसी साइंस फिक्शन फिल्म का सीन नहीं, बल्कि असल जिंदगी की घटना है। साल 2025 की शुरुआत में एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने लोगों को हैरानी में डाल दिया। कैथे पैसिफिक की फ्लाइट CX880 ने समय और तारीख के नियमों को लेकर लोगों की सोच को एक नई दिशा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फ्लाइट 1 जनवरी 2025 को हांगकांग से उड़ान भरते हुए 31 दिसंबर 2024 को लॉस एंजेलिस पहुंची। इस अजीबोगरीब घटना के पीछे कोई जादू नहीं, बल्कि इंटरनेशनल डेट लाइन का विज्ञान काम करता है।
हांगकांग और लॉस एंजेलिस के समय में 16 घंटे का अंतर है। जब यह फ्लाइट 1 जनवरी को हांगकांग से रवाना हुई, तो वहां नए साल की शुरुआत हो चुकी थी। लेकिन लॉस एंजेलिस अब भी 2024 में था। 12 घंटे की यात्रा के दौरान, फ्लाइट ने इंटरनेशनल डेट लाइन को पार किया, जिससे यात्रियों को ऐसा महसूस हुआ कि वे समय में पीछे चले गए हैं। यात्रा का यह पहलू इतना खास था कि फ्लाइट में सवार लोगों को दो बार नए साल का जश्न मनाने का मौका मिला। उन्होंने पहले हांगकांग में 1 जनवरी का स्वागत किया और फिर लॉस एंजेलिस पहुंचकर 31 दिसंबर को फिर से न्यू ईयर ईव सेलिब्रेट किया।