प्रयागराज (17 जनवरी 25)। प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ 2025 का भव्य और दिव्य आयोजन पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को 10 देशों से आए 21 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय दल ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। यह दल बुधवार, 15 जनवरी 2025 को दोपहर करीब 3 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचा। यहां से उन्हें महाकुंभ मेला क्षेत्र ले जाया गया। उनके ठहरने की व्यवस्था अरैल क्षेत्र स्थित भव्य टेंट सिटी में की गई है, जिसे उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा निर्मित किया गया है।
महाकुंभ मेला क्षेत्र में भ्रमण करते हुए इन अंतरराष्ट्रीय श्रद्धालुओं ने प्रयागराज की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों का अनुभव किया। श्रद्धालुओं को टेंट सिटी में रात के खाने और विश्राम के लिए विशेष व्यवस्थाएं दी गईं। इन मेहमानों की सुरक्षा के लिए विशेष बलों की तैनाती भी की गई। 16 जनवरी 2025 को सुबह 8 बजे इस अंतरराष्ट्रीय दल के सदस्यों ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। इसके बाद नाश्ते के पश्चात सुबह 9:30 बजे दल के सदस्यों को हेलीकॉप्टर से महाकुंभ मेला क्षेत्र का हवाई अवलोकन कराया गया। यह कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे समाप्त हुआ, जिसके बाद दल के सदस्य एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए।