Thursday, 01 Oct 2026

11 साल के लड़के ने तीर्थयात्रियों पर चढ़ाया ट्रक, 8 की मौत

मुकदहन (02 जुलाई 26)। थाईलैंड के उत्तर-पूर्वी मुकदहन प्रांत में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, एक 11 वर्षीय लड़का पिकअप ट्रक चला रहा था, जिसने तीर्थयात्रा पर पैदल जा रहे भिक्षुओं के समूह को टक्कर मार दी। अधिकारियों ने बताया कि कुल 35 भिक्षु मुकदहन प्रांत से उबोन रत्चाथानी प्रांत तक लगभग 260 किलोमीटर की धार्मिक पदयात्रा पर निकले थे। यात्रा शुरू होने के करीब 30 मिनट बाद यह हादसा हो गया।

मुकदहन के गवर्नर ने बताया कि पांच भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार भिक्षुओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय बचाव संगठन द्वारा जारी वीडियो में भिक्षु सड़क के किनारे एक कतार में चलते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान पिकअप ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और सीधे समूह में जा घुसा। पुलिस के अनुसार, वाहन चला रहा 11 वर्षीय लड़का हिरासत में है। बाल संरक्षण अधिकारियों की मौजूदगी में उससे पूछताछ की जाएगी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शी भिक्षुओं ने बताया कि ट्रक पहले से ही सड़क पर अनियंत्रित होकर लहरा रहा था, जिसके बाद वह सड़क से उतरकर उनके समूह से टकरा गया।फिलहाल पुलिस हादसे के सही कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी कम उम्र का लड़का वाहन कैसे चला रहा था और दुर्घटना के समय वाहन उसके कब्जे में कैसे आया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!