अमृतसर (17 फरवरी 25)। अमेरिका से अवैध भारतीय अप्रवासियों का तीसरा जत्था अमृतसर पहुंच गया है, जिसमें कुल 112 लोग शामिल हैं। यह विमान रविवार रात को अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड किया। इनमें से 44 लोग हरियाणा, 33 गुजरात, 31 पंजाब, 2 उत्तर प्रदेश और एक-एक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश से हैं।
इमिग्रेशन, वेरिफिकेशन और पृष्ठभूमि जांच सहित सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्वासितों को उनके घर जाने की अनुमति दी जाएगी। निर्वासितों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन की व्यवस्था की गई है। अमेरिका से 116 अवैध प्रवासियों को लेकर दूसरा विमान शनिवार को अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड हुआ था। इनमें पंजाब से संबंध रखने वाले लोगों को जांच के बाद रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे पुलिस की गाड़ियों में उनके घर पहुंचाया गया। हरियाणा सरकार ने भी राज्य से निर्वासित लोगों के लिए परिवहन की व्यवस्था की थी।