अमृतसर (16 फरवरी 25)। अमेरिका से 116 अवैध प्रवासियों को लेकर एक विमान शनिवार की रात अमृतसर हवाई अड्डे पर लैंड हो गया है। यह दूसरी बार है, जब डोनाल्ड ट्रंप के पिछले महीने अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद भारतीयों को निर्वासित किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विमान के शनिवार रात करीब 10 बजे हवाई अड्डे पर उतरा।
निर्वासित किए गए 119 लोगों में से 100 लोग सिर्फ पंजाब और हरियाणा से हैं। इनमें पंजाब के 67, हरियाणा के 33, गुजरात के आठ, उत्तर प्रदेश के तीन, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान के दो-दो, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर का एक-एक नागरिक है। सूत्रों ने बताया कि अवैध भारतीय प्रवासियों के दूसरे समूह में चार महिलाएं और दो नाबालिग हैं, जिनमें छह साल की एक बच्ची भी शामिल है। ज्यादातर निर्वासितों की उम्र 18 से 30 साल के बीच है। उन्होंने कहा कि कुल 157 निर्वासितों को लेकर तीसरे विमान के 16 फरवरी को पहुंचने की उम्मीद है। इससे पहले पांच फरवरी को अमेरिका का एक सैन्य विमान भारत के विभिन्न राज्यों के 104 ‘अवैध प्रवासियों’ को लेकर अमृतसर पहुंचा था।