जेरुसलम (07 अक्टूबर 24)। इजरायल-हमास युद्ध को एक साल पूरा हो गया है। इस संघर्ष की शुरुआत ठीक एक साल पहले 7 अक्टूबर 2023 को हुई थी, जब हमास ने इजरायल पर एक भयानक हमला किया था जिसमें 1200 से अधिक इजरायली नागरिक मारे गए थे। इसके बाद, इजरायल ने गाजा पर जबरदस्त जवाबी कार्रवाई शुरू की, जो एक साल बाद भी जारी है। इजराइल का कहना है कि अ सका बदला पूरा नहीं हुआ यानि अभी पिक्चर बाकी है। जानकारी के अनुसारहमास के पहले हमले के बाद से ही इजरायल ने गाजा पर एक निरंतर और आक्रामक सैन्य अभियान चलाया। इस एक साल के लंबे संघर्ष में अब तक 41,788 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें हमास के लड़ाके, बड़ी संख्या में निर्दोष नागरिक, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। इजरायली वायुसेना द्वारा लगभग हर दिन गाजा पर बमबारी की जा रही है, जिससे हजारों मकान ध्वस्त हो चुके हैं और लाखों लोग बेघर हो गए हैं। युद्ध की पहली बरसी पर, 7 अक्टूबर 2024 को भी इजरायल ने गाजा पर हवाई हमले किए, जिनमें 21 लोगों की जान गई। इस हमले ने गाजा के लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जो पहले से ही बमबारी और हिंसा का शिकार हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है कि हमास को काफी हद तक कमजोर कर दिया गया है और वह लगभग समाप्त हो चुका है। लेकिन, इजरायल अब भी अपने सारे उद्देश्यों को पूरी तरह से हासिल नहीं कर पाया है।हमास के लड़ाकों ने पिछले साल 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमला करने के बाद कई इजरायली नागरिकों को अगवा कर लिया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, गाजा में अभी भी लगभग 100 बंधक मौजूद हैं, जिनमें से सिर्फ 70 के ही जीवित होने की संभावना जताई जा रही है। बंधकों की वापसी को लेकर इजरायल पर काफी दबाव है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई निर्णायक सफलता नहीं मिली है।