रायपुर (15 अगस्त 26)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। समारोह में 17 टोलियों ने मार्चपास्ट किया। इस बार सीमा सुरक्षा बल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, और सशस्त्र सीमा बल की टुकड़ियों के साथ बिहार पुलिस भी परेड में शामिल रही। मुख्य समारोह के दौरान पदक अलंकरण कार्यक्रम में उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस मां भारती की वंदना, गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेने और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का पावन अवसर है। मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर और वीर सावरकर सहित स्वतंत्रता संग्राम के असंख्य सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वतंत्रता और स्वाभिमान की अलख जगाने वाले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, गेंद सिंह, धुरवा राव, यादव राव, वेंकट राव, डेबरी धुर और आयतु माहरा सहित जननायकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।