चंडीगढ़ (13 अक्टूबर 24)। हरियाणा में नई भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 17 अक्टूबर को पंचकूला में होगा। पार्टी ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और कुछ अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, 'हमें प्रधानमंत्री की मंजूरी मिल गई है और 17 अक्टूबर को पंचकूला में मुख्यमंत्री तथा उनके मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह होगा।'
शपथ ग्रहण समारोह पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित दशहरा मैदान में सुबह 10 बजे होगा। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान संकेत दिया था कि अगर पार्टी जीतती है तो नायब सिंह सैनी शीर्ष पद के लिए उसकी पसंद होंगे, जिन्होंने मार्च में मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री का पद संभाला था। बीजेपी विधायक दल की बैठक अभी तक आयोजित नहीं की गई है, लेकिन यह संभावना जताई जा रही है कि नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक जल्द ही होगी। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा।