नईदिल्ली (19 अक्टूबर 24)। आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन शुक्रवार को जमानत मिलने के बाद तिहाड़ जेल से बाहर आ गए। उनके स्वागत के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह समेत कई नेता मौजूद थे। सत्येंद्र जैन ने जेल से बाहर आने के बाद केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी को अपनी दुकान बंद करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और मैं जेल से बाहर आ गए हैं और अब हम दिल्ली में रुके हुए सभी काम पूरे करेंगे। अरविंद केजरीवाल ने यमुना नदी को साफ करने का वादा किया था। उनके वादे के आधार पर हम यमुना नदी को साफ करने के लिए दिन-रात काम कर रहे थे। इसे रोकने के लिए मुझे गिरफ्तार किया गया। आप ने सत्येंद्र जैन की जमानत के फैसले को सत्य की जीत तथा भाजपा की ‘एक और साजिश' की हार बताया। आप ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘सत्यमेव जयते। भाजपा की एक और साजिश विफल हो गई, क्योंकि सत्येंद्र जैन जी को अदालत से जमानत मिल गई। आपको बता दें कि दिल्ली की एक अदालत ने आप नेता और दिल्ली के पूर्व कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन को धन शोधन के एक मामले में 'सुनवाई में देरी' और 'लंबे समय तक जेल में रहने' का हवाला देते हुए जमानत दे दी। जैन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 30 मई, 2022 को उनसे कथित तौर पर जुड़ी चार कंपनियों के जरिए धन शोधन के आरोप में गिरफ्तार किया था।