देवास (06 दिसंबर 25)। देवास में शराब कारोबारी दिनेश मकवाना की आत्महत्या मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है। पिछले महीने 8 नवंबर को दिनेश ने जहरीला पदार्थ सेवन कर अपनी जान दे दी थी। अब उनका एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिनेश ने आबकारी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर मंदाकिनी दीक्षित पर रिश्वत के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है। कहा है बहुत ज्यादा पैसों की मांग की जा रही है और वो इससे तंग आ चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए कहा कि यह प्रकरण प्रथम दृष्टया अत्यंत गंभीर श्रेणी का है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर इस मामले में देवास की प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वीडियो में दिनेश साफ तौर पर कह रहा है कि अधिकारी लगातार उससे पैसे की मांग कर रही थी और इस मानसिक दबाव की वजह से वह यह कदम उठा रहा है। दिनेश वीडियो में कह रहा है कि उसके पास 14 करोड़ का काम है और मंदाकिनी दीक्षित को महीने का डेढ़ लाख चाहिए। दिनेश ने कहा है कि उसके पास 5 दुकानें और उसे मैडम को साढ़े 7 लाख रुपये महीना चाहिए। दिनेश ने दावा किया वो अधिकारी को 20 से 22 लाख रुपये दे चुके थे लेकिन अब कारोबार घाटे में चल रहा था इसलिए वो मैडम से मोहलत मांग रहा था। मैडम मानने को तैयार नहीं थी, इसी प्रताड़ना से तंग आकर वो अपनी जान दे रहा है। आपको बता दें कि दिनेश मकवाना इंदौर के कनाडिया गांव का रहने वाला था और देवास में शराब की 5 दुकानों का संचालन करता था। आत्महत्या के बाद से परिजन लगातार अधिकारियों पर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। इसी संबंध में 29 नवंबर को परिजनों ने कनाडिया थाने में शिकायत दर्ज करवाई और वीडियो तथा मोबाइल फोन पुलिस को सौंपकर मामले की विस्तृत जांच की मांग की थी।