Wednesday, 30 Sep 2026

21वीं शताब्दी का रेगुलेटर माइक्रोचिप बनेगी: मोदी

साणंद (01 मार्च 26)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को अहमदाबाद के साणंद में माइक्रोन सेमीकंडक्टर फैसिलिटी का शुभारंभ कराते हुए कहा कि 20वीं शताब्दी का रेगुलेटर ऑइल था, जबकि 21वीं शताब्दी का रेगुलेटर माइक्रोचिप बनेगी। उन्होंने कहा कि यह एआई रिवॉल्यूशन की सदी है। समग्र विश्व में भारत आज कैपेबल, कम्पीटिटिव तथा कमिटेड मित्र एवं भागीदार के रूप में उभर रहा है। लगभग 22,516 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट के साथ गुजरात अब देश के ‘सेमीकंडक्टर हब’ के रूप में पहचान स्थापित करेगा।

प्रधानमंत्री ने साणंद से सेमीकंडक्टर क्षेत्र में हुए भारत के भावी उदय का रोडमैप दर्शाते हुए कहा कि सॉफ्टवेयर के लिए विख्यात भारत अब हार्डवेयर क्षेत्र में भी अपना पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अत्यंत तेजी से वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन का हिस्सा बन रहा है। इस अवसर पर मोदी ने समग्र विश्व को विश्वास दिलाते हुए कहा कि इंडिया ईज रेडी, इंडिया ईज रिलायेबल एंड इंडिया डिलीवर्स। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री अश्विनी वैष्णव और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने माइक्रोन टेक्नोलॉजी के अत्याधुनिक एटीएमपी (असेम्बली, टेस्टिंग, मार्किंग तथा पैकेजिंग) प्लांट के कामकाज और अन्य विवरण दर्शाने वाली प्रदर्शनी को देखा तथा प्लांट की मुलाकात लेकर सेमीकंडक्टर चिप के असेम्बली व पैकेजिंग के विभिन्न ऑपरेशन्स के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। नेशनल सेमीकंडक्टर मिशन अंतर्गत माइक्रोन फैसिलिटी द्वारा इस प्लांट का निर्माण किया गया है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साणंद जीआईडीसी में आयोजित रोड शो अंतर्गत उपस्थित जनसैलाब का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम में माइक्रोन टेक्नोलॉजी द्वारा डेल टेक्नोलॉजी के प्रथम कॉमर्शियल मेड इन इंडिया शिपमेंट को प्रधानमंत्री की उपस्थिति में हैंडओवर किया गया।


Tags:

Follow us

This question is not available..!