नईदिल्ली (04 जुलाई 24)। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने आज गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) स्थित सीबीआई अकादमी में अलंकरण समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने 39 सीबीआई अधिकारियों/कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीपीएम) तथा सराहनीय सेवा के लिए भारतीय पुलिस पदक (आईपीएम) प्रदान किए।
पदक विजेताओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए मेघवाल ने कहा कि राष्ट्र के लिए उनकी सेवाओं को मान्यता मिलना हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह सभी सेवा अधिकारियों के लिए अपने काम में उत्कृष्टता लाने के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। सीबीआई की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में न केवल सीबीआई के महत्व को मान्यता दी जाती है, बल्कि इसकी जांच भी सबसे अच्छी होती है, जो सीबीआई द्वारा जांच किये गए मामलों की उच्च सजा दर से परिलक्षित होती है। मेघवाल ने जोर देकर कहा कि सीबीआई को सही मायने में सर्वश्रेष्ठ जांच एजेंसी माना जाता है, जो जटिल और संवेदनशील मामलों में विभिन्न हितधारकों द्वारा हर समय सीबीआई जांच की मांग से परिलक्षित होता है।
मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भारत की प्रगति की परिकल्पना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत 21वीं सदी में वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि 19वीं सदी में यूरोप ने प्रगति की, जिसका नेतृत्व इंग्लैंड ने किया, जबकि 20वीं सदी में अमेरिका ने प्रगति की, जिसका नेतृत्व संयुक्त राज्य अमेरिका ने किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 21वीं सदी एशिया की होगी, जिसका नेतृत्व भारत करेगा।