वाशिंगटन (08 नवंबर 24)। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं, और डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल की कमला हैरिस को हराकर फिर से राष्ट्रपति पद हासिल कर लिया है। ट्रंप की जीत का असर अमेरिकी और भारतीय शेयर बाजारों पर भी देखने को मिला। अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ी उछाल के साथ-साथ भारतीय बाजार में भी तेजी देखी गई, जिससे दुनियाभर के बड़े अरबपतियों की संपत्ति में बड़ा इजाफा हुआ। एलन मस्क की संपत्ति में तो रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिली, और केवल 24 घंटों में उनकी नेटवर्थ में 2 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की वृद्धि हुई। बता दें कि जीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लोरिडा के पाम बीच में अपना विजयी भाषण दिया, जिसमें उन्होंने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति और अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क का कई बार उल्लेख किया। ट्रंप ने मस्क को 'नया सितारा' कहते हुए उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'एलन एक सुपर जीनियस हैं। हमें अपने जीनियस लोगों की रक्षा करनी होगी। हमारे पास ऐसे लोग बहुत कम हैं।' ट्रंप ने मस्क की कंपनी स्पेसएक्स द्वारा अमेरिकी अंतरिक्ष क्षेत्र में किए गए प्रयासों की भी सराहना की, जो कि अमेरिका की अंतरिक्ष उन्नति में मील का पत्थर साबित हुए हैं।