Tuesday, 29 Sep 2026

3 लक्ष्य लेकर चल रहे इंडी गठबंधन वाले: मोदी

सलेमपुर (26 मई 24)। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका ‘इंडिया' गठबंधन भारत में बहुसंख्यक समाज को दोयम दर्जे का नागरिक बनाना चाहता है। प्रधानमंत्री मोदी रविवार को यहां मऊ जिले के रतनपुरा स्थित भुड़सुरी मेवाडी कला में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के घोसी क्षेत्र के उम्‍मीदवार अरविंद राजभर, बलिया क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नीरज शेखर और सलेमपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद व उम्मीदवार रवींद्र कुशवाहा के समर्थन में एक संयुक्त चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।

भोजपुरी में अपने भाषण की शुरुआत करते हुए उन्‍होंने कहा, ‘पूर्वांचल की यह धरती पराक्रम और क्रांति की धरती है। यह वह इलाका है जहां मंगल पांडेय का साहस है, जहां महाराजा सुहेलदेव का पराक्रम है और स्वर्गीय चंद्रशेखर जी की मुखर आवाज है। ऐसे में पूर्वांचल के लिए तो इस चुनाव का महत्व दोगुना है।' उन्‍होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस के परिवारवाद ने पूर्वांचल को माफिया, अभाव, गरीबी व लाचारी का क्षेत्र बना दिया था लेकिन 10 साल से पूर्वांचल देश का प्रधानमंत्री चुन रहा है। सात साल से उत्तर प्रदेश का मुख्‍यमंत्री चुन रहा है और इसलिए पूर्वांचल सबसे खास है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) गठबंधन के लोगों ने जमीनों पर कब्‍जा किया और यहां दंगाइयों को ताकत दी। उन्होंने कहा कि जो माफिया के लिए आंसू बहाते हैं, ऐसे लोगों को पूर्वांचल में पैर नहीं रखने देना है। उन्होंने कहा, ‘आज मैं पूर्वांचल को, घोसी के लोगों को ‘इंडिया' गठबंधन की बडी साजिश से सतर्क करने आया हूं।' उन्‍होंने आरोप लगाया कि ‘इंडिया' गठबंधन सभी जातियों को आपस में लड़ा रहा है। मोदी ने दावा किया, ‘ये तीन बड़ी साजिशों को पूरा करने का लक्ष्‍य लेकर चल रहे हैं। एक तो ‘इंडिया' गठबंधन वाले संविधान बदलकर उसमें नये सिरे से लिख देंगे कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण दिया जाए। दूसरा ये एससी, एसटी और ओबीसी को मिलने वाला आरक्षण खत्‍म कर देंगे तथा तीसरा पूरा का पूरा आरक्षण धर्म के आधार पर मुसलमानों को दे देंगे।'


Tags:

Follow us

This question is not available..!