थेसालोनिकी (11 जुलाई 26)। ग्रीस के आसमान में उस समय एक बड़ा हादसा टल गया जब 30 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे एक विमान की खिड़की अचानक टूट गई। विमान के कैबिन में दबाव कम होते ही पास बैठे 61 साल के एक बुजुर्ग यात्री का आधा शरीर (सिर और कंधे) खिड़की से बाहर निकल गया। इस दिल दहला देने वाले मंजर के बीच, बुजुर्ग की पत्नी ने तत्परता दिखाते हुए उनके दोनों पैर जोर से पकड़ लिए, जिससे उनकी जान बच गई।
चश्मदीदों के अनुसार, जैसे ही बुजुर्ग खिड़की से बाहर की ओर खिंचने लगे, उनकी पत्नी और अन्य यात्रियों ने मिलकर उन्हें अंदर की ओर खींचा। गनीमत यह रही कि पीड़ित यात्री ने अपनी सीट बेल्ट बांधी हुई थी, जिसकी वजह से वह विमान से बाहर नहीं गिरे। घायल यात्री सर्बिया का रहने वाला एक टूरिस्ट है, जिसे जलने जैसी चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। यह घटना रायनएयर (Ryanair) की फ्लाइट में हुई, जिसने ग्रीस के थेसालोनिकी से जर्मनी के मेमिंगेन के लिए सुबह 5:55 बजे उड़ान भरी थी। विमान में मौजूद एक महिला यात्री ने बताया कि ज्यादातर यात्री सो रहे थे, तभी अचानक टायर फटने जैसी तेज आवाज आई और लोग चीखने लगे। इसके तुरंत बाद ऑक्सीजन मास्क नीचे आ गए और कैबिन में एक तेज गंध फैल गई। कुछ पलों के लिए यात्रियों को लगा कि जैसे किसी ने गलती से इमरजेंसी दरवाजा खोल दिया है।