Monday, 28 Sep 2026

4 जून को गठबंधन सरकार बनने जा रही है: केजरीवाल

नईदिल्ली (21 मई 24)। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर दिल्ली के लोगों को ‘पाकिस्तानी' कहने का आरोप लगाया और कहा कि दिल्लीवासी उनका परिवार हैं और उनके लिए अपशब्द नहीं कहे जाने चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि लोकसभा चुनाव के प्रत्येक चरण के पूरा होने के साथ यह स्पष्ट होता जा रहा है कि चार जून के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार की विदाई होने वाली है और ‘इंडियन नेशनल डेवलेपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) सत्ता में आ रहा है। केजरीवाल ने दावा किया कि ‘इंडिया' गठबंधन देश को एक स्थिर सरकार देगा। उन्होंने कहा, ‘मतदान के हर गुजरते चरण के साथ यह स्पष्ट होता जा रहा है कि मोदी सरकार जाने वाली है और ‘इंडिया' गठबंधन चार जून को सत्ता में आएगा।'

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दिल्ली में आयोजित अपनी चुनावी रैलियों में उनके लिए अपशब्द कहे। केजरीवाल ने दावा किया कि अमित शाह की रैली में शामिल होने वाले लोगों की संख्या 500 से कम थी। केजरीवाल ने कहा, ‘उन्होंने (शाह) कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) के समर्थक पाकिस्तानी हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि दिल्ली के लोगों ने हमें 62 सीटें और 56 प्रतिशत मत देकर सरकार बनाई है। क्या दिल्ली के लोग पाकिस्तानी हैं?' उन्होंने पूछा, ‘पंजाब की जनता ने हमें 117 में से 92 सीटें देकर सरकार बनाई है, क्या पंजाब के लोग पाकिस्तानी हैं?' गुजरात की जनता ने हमें 14 फीसदी वोट दिये, क्या गुजरात के लोग भी पाकिस्तानी हैं? गोवा के लोगों ने हमें प्यार दिया, क्या गोवा के लोग भी पाकिस्तानी हैं?'


Tags:

Follow us

This question is not available..!