Tuesday, 29 Sep 2026

48 साल बाद लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव, BJP का भी व्हिप

नईदिल्ली (25 जून 24)। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर लोकसभा में मौजूद रहने को कहा है। दरअसल, कल यानी 26 जून को लोकसभा स्पीकर को लेकर चुनाव होना है। एनडीए की ओर से ओम बिरला ने लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। उधर, इंडी गठबंधन की तरफ से के सुरेश को उम्मीदवार बनाया है। इस बीच, जगनमोहन रेड्डी की पार्टी वाईएसआरसीपी ने एनडीए को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, एनडीए के पक्ष में 304 सांसद वोट कर सकते हैं। देश के संसदीय इतिहास में करीब 48 साल बाद लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। 

बता दें कि 18वीं लोकसभा का पहला सत्र चल रहा है। 24 जून से शुरू हुए इस सत्र में पहले और दूसरे दिन लोकसभा के नए सांसदों ने शपथग्रहण किया है। 26 जून को लोकसभा के अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा। सदन में भाजपा समेत एनडीए के 293 सांसद हैं और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के 233 सदस्य हैं। दो लोकसभा सीट से निर्वाचित हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के केरल की वायनाड सीट से इस्तीफा दिए जाने के बाद सदन में कुल सदस्यों की संख्या 542 रह गई है। कम से कम तीन निर्दलीय सदस्य भी विपक्षी खेमे में माने जा रहे हैं।

भाजपा सूत्रों ने दावा किया कि इस मुद्दे पर मुख्य रूप से कांग्रेस का रुख ही आक्रामक है और ‘इंडिया' गठबंधन के कुछ अन्य सदस्य लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होने के पक्ष में नहीं हैं। यदि कोटा से भाजपा सांसद बिरला फिर से लोकसभा अध्यक्ष चुने जाते हैं तो पांचवीं बार ऐसा होगा कि कोई अध्यक्ष एक लोकसभा से अधिक कार्यकाल तक इस पद पर आसीन रहेगा। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!