कान (16 मई 24)। फ्रांस में 77वें कान फिल्म महोत्सव के विभिन्न खंडों में कई आधिकारिक चयनों के साथ भारत के लिए यह साल जादुई प्रभाव समेटे है। 77वें कान फिल्म महोत्सव में भारत मंडप का उद्घाटन किया गया। प्रतिष्ठित कान फिल्म महोत्सव में प्रत्येक वर्ष इस मंडप का आयोजन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया जाता है।
भारत की भागीदारी का नेतृत्व राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा नोडल एजेंसी के रूप में और फिक्की उद्योग साझेदार के रूप में करेगा। यह मंडप अपनी समृद्ध सिनेमाई विरासत प्रदर्शित करने और वैश्विक फिल्म बिरादरी के साथ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के प्रति भारत की निरंतर संकल्पबद्धता को दर्शाता है। इस मंडप के भव्य उद्घाटन समारोह का नेतृत्व सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय सचिव संजय जाजू के साथ फ्रांस में भारत के राजदूत जावेद अशरफ ने किया। इस गौरवपूर्ण उद्घाटन के अवसर पर सम्मानित गणमान्य व्यक्ति, प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और उद्योग जगत की हस्तियां भी मौजूद रहीं।