इंदौर (25 मार्च 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के रेवती रेंज में 18वीं अखिल भारतीय पुलिस निशानेबाजी चैम्पियनशिप-2024 का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता केंद्रीय आयुध एवं युद्ध कौशल विद्यालय (सीएसडब्ल्युटी) सीसुबल, इंदौर द्वारा आयोजित की जा रही है, जो 24 से 29 मार्च 2025 चलेगी। शुभारंभ अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य प्रतिनिधि तथा कमिश्नर इंदौर दीपक सिंह, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, महानिरीक्षक सीएसडब्ल्यूटी एवं एसटीसी बीएसएफ आलोक कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. शमशेर सिंह, भापुसे, अपर महानिदेशक/निदेशक सीसुबल अकादमी, टेकनपुर ने मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह में बीएसएफ और पुलिस ब्रास बैंड द्वारा बजाए गए लयबद्ध मार्चिग धुनों पर केंद्रीय पुलिस संगठनों और विभिन्न राज्य पुलिस टीमों द्वारा स्मार्ट और साफ-सुथरे मार्च पास्ट, बीएसएफ बोल्ड्स टीम द्वारा वेपन से ड्रिल/करतब का प्रदर्शन और एनटीसीडी (राष्ट्रीय श्वान प्रशिक्षण केंद्र), टेकनपुर के श्वानों द्वारा सुरक्षा कर्तव्यों का पालन करते हुए विशेष रूप से भारतीय नस्लों के कुत्तों की शक्ति का शानदार प्रदर्शन किया गया। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली और गुब्बारे और खुले आसमान में कबूतर भी छोड़े तथा औपचारिक रूप से कार्यक्रम की शुरुआत की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर एक स्मारिका का विमोचन भी किया। रेवती रेंज में आयोजित इस वार्षिक चैम्पियनशीप खेल प्रतियोगिता में देश भर के केन्द्रीय शस्त्र पुलिस बल, राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस बलों के कार्मिक भाग ले रहे हैं। इसमें देश भर के 600 पुरुष एवं महिला निशानेबाज और अधिकारी शामिल होंगे। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ की निगरानी में कुल 204 पदकों के लिए खिलाड़यों के बीच मुकाबला होगा, जिसमें 68 स्वर्ण, 68 रजत एवं 68 कांस्य शामिल है।