नईदिल्ली (26 जनवरी 25)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 93 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी है। इनमें 2 कीर्ति चक्र (एक मरणोपरांत) और 14 शौर्य चक्र (तीन मरणोपरांत) शामिल हैं। ये वीरता पुरस्कार सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मियों को उनके अदम्य साहस और वीरता के लिए दिए गए हैं।
कीर्ति चक्र से सम्मानित हुए सैनिक: कीर्ति चक्र भारत का शांति समय का सर्वोच्च वीरता पदक है। यह सैनिकों को उनके असाधारण साहस और वीरता के लिए दिया जाता है। इस बार पंजाब रेजिमेंट के मेजर मनजीत और 28 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के दिलवर खान (मरणोपरांत) को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया।
14 शौर्य चक्र में 3 मरणोपरांत सम्मान: इसके अलावा 14 शौर्य चक्रों का ऐलान किया गया है। इनमें से तीन शौर्य चक्र मरणोपरांत हैं। इस सूची में 1 पैरा एसएफ के उप विकास तोमर, 20 जाट रेजिमेंट के मोहन राम, डोगरा रेजिमेंट के हवलदार रोहित कुमार (मरणोपरांत) जैसे जवान शामिल हैं। शौर्य चक्र पाने वालों में जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में एक आतंकवादी को मार गिराने वाले 1 पैरा (विशेष बल) बटालियन के सूबेदार विकास तोमर भी शामिल हैं।
अन्य वीरता पुरस्कार: इसके अलावा 93 वीरता पुरस्कारों में 1 सेना पदक, 66 सेना मेडल (सात मरणोपरांत), 2 नौसेना पदक (वीरता) और 8 वायु सेना पदक (वीरता) शामिल हैं। ये पुरस्कार उन सैनिकों को दिए गए हैं जिन्होंने देश की सुरक्षा और शांति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।