Monday, 28 Sep 2026

AIMIM का शोएब जमई हिरासत में, मैच के बाद छोड़ा

नईदिल्ली (15 सितंबर 25)। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का क्रिकेट मैच दुबई में खेला जा रहा है, जो पिछले कुछ समय के सबसे विवादित मुकाबलों में से एक माना जा रहा है। पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद यह पहला अवसर है जब दोनों देशों की क्रिकेट टीमें मैदान पर उतरी हैं। ऐसे समय में देश भर में कई राजनीतिक दलों ने इस मैच का विरोध करते हुए बॉयकॉट की अपील की है।

इस विरोध के बीच, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के दिल्ली प्रमुख शोएब जमई को उनके सोशल मीडिया पोस्ट और मैच की सार्वजनिक स्क्रीनिंग बाधित करने की धमकी के कारण पुलिस ने रविवार शाम हिरासत में लिया है। उन्हें जामियानगर पुलिस थाने में रखा गया है और उनकी रिहाई मैच के समाप्ति के बाद ही की जाएगी। शोएब जमई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर कई पोस्ट किए थे, जिनमें उन्होंने भारत-पाकिस्तान मैच की सार्वजनिक स्क्रीनिंग को बाधित करने की खुली धमकी दी थी। उन्होंने लिखा था: “AIMIM दिल्ली आज रात भारत बनाम पाकिस्तान मैच की किसी भी सार्वजनिक स्क्रीनिंग को बाधित कर सकती है। पहलगाम के शहीदों का मजाक बनाने के लिए भाजपा को शर्म आनी चाहिए। जंग और मैच एक साथ नहीं चल सकता।”उनके इस बयान के बाद दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर उपद्रव फैलाने और सार्वजनिक शांति भंग करने के प्रयास के तहत की गई है। शोएब जमई को जब हिरासत में लिया गया, तो उनके समर्थक बड़ी संख्या में जामियानगर थाने के बाहर जमा हो गए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया और कहा कि जमई को बिना किसी वैध कारण के हिरासत में रखा गया है। समर्थकों ने जमकर नारे लगाए और पुलिस से उनकी रिहाई की मांग की। थाने के अंदर शोएब जमई से कड़ी पूछताछ की गई, जिसमें उनके सोशल मीडिया पोस्ट के कारण तनावपूर्ण माहौल पर सवाल उठाए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और मैच खत्म होने के बाद ही उन्हें रिहा किया जाएगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!