तिरुवनंतपुरम (10 अप्रैल 26)। केरल की 140 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को जबर्दस्त मतदान हुआ। इस बीच कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में अपना वोट डालने के बाद राज्य के राजनीतिक समीकरणों पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि केरल में चुनावी लड़ाई मुख्य रूप से सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के बीच है।
वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए थरूर ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की मौजूदगी को पूरी तरह से नकार दिया। उन्होंने कहा, 'केरल में भाजपा कोई फैक्टर नहीं है। यह एक ऐसा राज्य है जहाँ विधानसभा में भाजपा 'जीरो' पर है। उनके बारे में चर्चा करना भी उन्हें जरूरत से ज्यादा श्रेय देना होगा। असल मुकाबला मौजूदा LDF सरकार और उसे चुनौती दे रहे UDF के बीच है।' कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने भी तिरुवनंतपुरम में मतदान किया और यूडीएफ की भारी जीत की भविष्यवाणी की। एंटनी ने कहा, 'जनता इस मौजूदा एलडीएफ सरकार को विदा करना चाहती है। राज्य में यूडीएफ की सरकार बनेगी।' उन्होंने भाजपा को 'गैर-केरल' पार्टी करार देते हुए उसकी आलोचना की।